काठमांडू, 15 अप्रैल (भाषा) नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने कहा कि प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा को दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों के परामर्श के बाद ही अंतिम रूप दिया जाएगा।
खनाल ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ”बालेन” को भारत आने का निमंत्रण भेजा है.
मॉरीशस की अपनी यात्रा समाप्त करके सोमवार रात नेपाल लौटने के बाद उन्होंने कहा, “दोनों देशों के बीच उच्च-स्तरीय यात्राएं होना बेहद स्वाभाविक है; तारीख और अन्य विवरणों से संबंधित मामलों को दोनों मंत्रालयों के परामर्श के बाद ही अंतिम रूप दिया जाएगा।”
खनाल ने कहा कि अभी तक यात्रा की कोई तारीख और कार्यक्रम तय नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अभी तक इस मामले पर कोई निर्णय नहीं लिया है। उन्होंने कहा, “नई सरकार द्वारा अपनी प्राथमिकताएं तय करने और दोनों विदेश मंत्रालयों द्वारा अपनी तैयारियां पूरी करने के बाद ही इस तरह की उच्च स्तरीय यात्रा के संबंध में कोई निर्णय किया जाएगा।”
खनाल ने कहा कि प्रधानमंत्री की आगामी भारत यात्रा से संबंधित मामला हिंद महासागर सम्मेलन के मौके पर मॉरीशस में विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ उनकी बैठक के दौरान भी उठा।
उन्होंने कहा, “मैंने अपना विचार व्यक्त किया है कि दोनों मंत्रालयों के तकनीकी तंत्र अपना काम पूरा करने के बाद उच्च स्तरीय यात्रा करेंगे।”
उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच लगभग 40 ऐसे तंत्र मौजूद हैं और इनमें से कुछ तंत्र निष्क्रिय हैं।
खनाल ने कहा, “हमें इन तंत्रों को सक्रिय करने की जरूरत है और यात्रा सभी तैयारियां पूरी होने के बाद ही होगी।”
