बैसाखी समारोह के लिए भारत से 2,200 से अधिक सिख तीर्थयात्री पाकिस्तान पहुंचे

लाहौर, बैसाखी उत्सव और 327वें खालसा जन्म दिवस समारोह में भाग लेने के लिए भारत से 2,200 से अधिक सिख तीर्थयात्री शुक्रवार को अटारी-वाघा सीमा के माध्यम से पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पहुंचे।

बैसाखी समारोह के लिए भारत से 2,200 से अधिक सिख तीर्थयात्री पाकिस्तान पहुंचे

पाकिस्तान पंजाब के अल्पसंख्यक मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा और इवेक्यू ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड के अतिरिक्त सचिव नासिर मुश्ताक ने वाघा सीमा पर तीर्थयात्रियों का स्वागत किया।

पाकिस्तान ने 14 अप्रैल को होने वाले बैसाखी त्योहार के लिए भारतीय सिख तीर्थयात्रियों को 2,800 वीजा जारी किए थे।

इवेक्यू ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड के प्रवक्ता गुलाम मोहिउद्दीन ने पीटीआई-भाषा को बताया, ”बैसाखी उत्सव में हिस्सा लेने के लिए आज 2,238 सिख तीर्थयात्री भारत से पाकिस्तान पहुंचे।”

मुख्य समारोह 14 अप्रैल को लाहौर से लगभग 400 किलोमीटर दूर हसन अब्दाल में गुरुद्वारा पंजा साहिब में आयोजित किया जाएगा।

पाकिस्तान में वार्षिक बैसाखी मेले में भाग लेने के अलावा, भारत के सिख गुरुद्वारा जनम अस्थान, ननकाना साहिब और करतारपुर साहिब भी जाएंगे।

अरोड़ा ने कहा कि पाकिस्तान और भारत के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बावजूद 2,800 से अधिक सिख तीर्थयात्रियों को वीजा जारी किया गया।

ईटीपीबी के नासिर मुश्ताक ने कहा कि तीर्थयात्रियों के लिए आवास, लंगर, परिवहन और चिकित्सा सुविधाओं सहित व्यापक व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि अचूक सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है और यात्रा के लिए बसें उपलब्ध कराई गई हैं।

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के जत्था नेता सुरजीत सिंह ने पाकिस्तान में सिख तीर्थयात्रियों को दिए गए सम्मान और आतिथ्य की सराहना की।

तीर्थयात्रियों को तीन समूहों में लाहौर से लगभग 80 किलोमीटर दूर गुरुद्वारा जन्म स्थान, ननकाना साहिब ले जाया गया।

ननकाना साहिब में दो दिवसीय प्रवास के बाद, वे गुरुद्वारा पंजा साहिब, हसन अब्दाल जाएंगे, जहां मुख्य बैसाखी समारोह आयोजित होने वाला है।

बैसाखी या वैसाखी वैशाख महीने के पहले दिन मनाई जाती है और फसल के मौसम की शुरुआत का भी प्रतीक है।

यह लेख पाठ में कोई संशोधन किए बिना एक स्वचालित समाचार एजेंसी फ़ीड से तैयार किया गया था।

Leave a Comment

Exit mobile version