गरियाबंद, छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के एक गांव में दो समुदायों के सदस्यों के बीच उस समय हिंसा भड़क उठी जब एक मामले में जमानत पर रिहा हुए तीन आरोपियों ने कथित तौर पर कुछ स्थानीय लोगों पर हमला कर दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के दुधकईया गांव में रविवार शाम हुई झड़प के दौरान ग्रामीणों द्वारा किए गए पथराव में छह पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, गांव के एक मंदिर में एक मूर्ति को कथित रूप से तोड़ने के मामले में लगभग एक साल पहले तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें से एक की पहचान आरिफ के रूप में हुई है। जमानत पर रिहा होने के बाद, वे कथित तौर पर ग्रामीणों को डरा रहे थे और मंदिर मामले से जुड़े गवाहों को परेशान कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि रविवार की सुबह, आरिफ और दो अन्य ने कथित तौर पर पुलिस में उनके खिलाफ शिकायत करने का आरोप लगाते हुए चार से छह युवकों पर छड़ों से हमला किया, जिसके बाद दो समुदायों के सदस्यों के बीच हिंसा भड़क गई।
गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि आरिफ और दो अन्य लोगों द्वारा दूधकैया और आसपास के दो गांवों में कुछ लोगों पर कथित तौर पर हमला करने के बाद तनाव बढ़ गया।
उन्होंने बताया कि इससे गुस्साए कुछ स्थानीय निवासियों ने आरोपियों के घरों का घेराव किया और उनमें आग लगा दी।
हिंसा फैलने पर कुछ वाहनों को भी आग लगा दी गई और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे पुलिस कर्मियों पर पत्थर और ईंटें फेंकी गईं। उन्होंने बताया कि झड़प के दौरान पांच से छह पुलिसकर्मी घायल हो गये।
एसपी ने कहा, “ग्रामीणों पर हमला करने वाले सभी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ तीन मामले दर्ज किए गए हैं।” उन्होंने कहा कि व्यवस्था बहाल करने के लिए गांव में अतिरिक्त बल भेजा गया है।
पुलिस ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और कड़ी निगरानी की जा रही है।
यह लेख पाठ में कोई संशोधन किए बिना एक स्वचालित समाचार एजेंसी फ़ीड से तैयार किया गया था।
