ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या पर आक्रोश के बीच पाकिस्तान में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने रविवार को कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर धावा बोल दिया। एपी की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह विरोध प्रदर्शन ईरान द्वारा अमेरिका और इज़राइल द्वारा किए गए संयुक्त हमलों में अयातुल्ला खामेनेई की मौत की पुष्टि करने के कुछ घंटों बाद हुआ।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में, प्रदर्शनकारियों को लाठियों के साथ वाणिज्य दूतावास की ओर मार्च करते और इमारत की खिड़कियां तोड़ते हुए देखा जा सकता है। एपी से बात करते हुए, एक पुलिस अधिकारी मोहम्मद जवाद ने कहा कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाकर्मियों और अर्धसैनिक बलों को लाठियां और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
उन्होंने कहा, ‘प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प में कम से कम एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।’
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने घोषणा की कि वाशिंगटन और तेल अवीव द्वारा किए गए हमलों में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। ट्रुथ सोशल पर इस घोषणा के कुछ घंटों बाद, ईरान ने घोषणा की कि हमले के दौरान खमेनेई को उनके कार्यालय में मार दिया गया।
उनकी मृत्यु के बाद, ईरान ने पूरे देश में 40 दिन का शोक और सात दिन का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया।