मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक विवाद के बाद 35 वर्षीय एक दलित व्यक्ति को उसके पड़ोसियों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर मार डाला, जिससे गांव में स्थिति तनावपूर्ण हो गई और अधिकारियों को पुलिस तैनात करनी पड़ी। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पीड़ित की मौत के कारण गांव में तनाव पैदा हो गया, क्योंकि उसके रिश्तेदारों और अन्य निवासियों ने आरोपियों में से एक के घर में तोड़फोड़ की।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम को जिला मुख्यालय से लगभग 65 किलोमीटर दूर दबोह पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में हुई।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित रुद्र प्रताप सिंह जाटव का पड़ोस के एक परिवार से विवाद चल रहा था.
शनिवार को मामला बढ़ गया और कौरव परिवार के पांच सदस्यों ने कथित तौर पर उस पर लाठियों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. दबोह पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर राजेश शर्मा ने कहा कि बीच-बचाव करने की कोशिश करने वाले एक बुजुर्ग व्यक्ति को भी हमले में चोट लगी है।
उन्होंने कहा कि जाटव को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया और बाद में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्नत स्वास्थ्य देखभाल के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
जाटव की मौत की खबर से गांव में तनाव फैल गया, क्योंकि उसके रिश्तेदारों और अन्य ग्रामीणों ने एक आरोपी के घर में तोड़फोड़ की और बाहर खड़ी कार और मोटरसाइकिल में आग लगा दी।
भिंड के पुलिस अधीक्षक (एसपी) असित यादव और उनके डिप्टी संजीव पाठक स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
व्यवस्था बहाल करने के लिए आसपास के पुलिस स्टेशनों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया।
एसपी यादव ने कहा, “आरोपी रणवीर कौरव, आशु कौरव, प्रह्लाद कौरव, राजीव कौरव और कुंवर सिंह कौरव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज की गई है और उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। शांति बनाए रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।”
