अगरतला, देहरादून में बदमाशों के हाथों मारी गई अंजेल चकमा का परिवार घटना में शामिल सभी आरोपियों के लिए फांसी या कम से कम उम्रकैद की सजा चाहता है।
उनाकोटि जिले के मचमारा का अंजेल अगरतला के होली क्रॉस स्कूल से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद एमबीए करने के लिए देहरादून गया था, जहां उसके छोटे भाई माइकल की मौजूदगी में उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।
अंजेल के मामा मोमन चकमा ने कहा, “हम कभी भी अंजेल को वापस नहीं पा सकेंगे, लेकिन उनका परिवार इस जघन्य हत्या में शामिल लोगों के लिए मृत्युदंड या कम से कम आजीवन कारावास की सजा चाहता है। अंजेल ने बार-बार कहा था कि वह एक भारतीय है, लेकिन बदमाशों ने बिना सोचे-समझे उसकी पीठ में दो बार चाकू मारा और उसकी गर्दन तोड़ दी, जिससे 17 दिनों तक जिंदगी की लड़ाई के बाद उसकी मौत हो गई।”
उन्होंने सरकार से कदम उठाने का आग्रह किया ताकि पूर्वोत्तर के लोगों को नस्लीय घृणा अपराधों का सामना न करना पड़े।
मोमेन ने कहा, “मछमारा के लोग, जाति और धर्म से परे, मंगलवार को अंजेल की याद में कैंडल मार्च निकालेंगे और उनके परिवार के लिए न्याय की मांग करेंगे।”
मोमेन ने पीटीआई-भाषा को फोन पर बताया, ”अंजेल अपनी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा के बाद एक कंपनी में शामिल होने वाला था, क्योंकि उसके प्रथम वर्ष का परिणाम 80 प्रतिशत अंकों के साथ होने के कारण उसे प्लेसमेंट ऑफर मिला था।”
मोमेन ने कहा, उन्होंने अपने पिता, मणिपुर में तैनात बीएसएफ जवान, तरुण प्रसाद चकमा से कहा था कि नौकरी मिलने के बाद वे स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले लें।
घटना के तुरंत बाद देहरादून पहुंचे मोमेन ने कहा, “26 दिसंबर को हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से एक सभ्य जीवन जीने का परिवार का सपना पूरी तरह से टूट गया है।”
उन्होंने कहा, “इस घटना से अंजेल का परिवार पूरी तरह से टूट गया है। पिता और छोटा बेटा दोनों एक सप्ताह से स्थानीय बौद्ध मंदिर में ‘सरमा’ से गुजर रहे हैं। उनकी मां, गौरी मति चकमा भी पूरी तरह से टूट गई हैं।”
मोमेन ने कहा कि अजनेल का परिवार अनिश्चितता की ओर बढ़ रहा है क्योंकि उनके पिता ने भारी कर्ज लेकर अगरतला के बाहरी इलाके नंदननगर में एक नया घर खरीदा था।
उन्होंने कहा, “इसके अलावा, अंजेल ने देहरादून से एमबीए करने के लिए शैक्षिक ऋण लिया था। हम सभी जानते हैं कि देहरादून में ऐसा कोर्स करना महंगा है। अब सब कुछ खत्म हो गया है।”
अंजेल की आखिरी इच्छा के बारे में मोमेन ने कहा कि वह बर्फबारी देखने के लिए नेपाल जाना चाहते थे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
राज्य सरकार के इंजीनियर मोमेन ने कहा, “उन्होंने नेपाल जाने की तैयारी के तहत विशेष जूते का ऑर्डर दिया था। हमें ऑर्डर मिला, लेकिन अंजेल जूते नहीं देख सके क्योंकि तब तक वह आईसीयू में थे। मैं उनकी अधूरी और आखिरी इच्छा पूरी करने के लिए इन जूतों के साथ नेपाल जाऊंगा।”
यह लेख पाठ में कोई संशोधन किए बिना एक स्वचालित समाचार एजेंसी फ़ीड से तैयार किया गया था।
